एनएचएम कर्मचारियों का हुंकार: मांगों को लेकर रायपुर में जुटे प्रदेशभर के पदाधिकारी, जल्द होगा महासम्मेलन
प्रदेश के 17,000 कर्मचारियों के साथ शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री होंगे आमंत्रित
“छत्तीसगढ़ NHM कर्मचारी संघ का बड़ा निर्णय: लंबित मांगों को लेकर होगा प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन, जुटेंगे हजारों परिवार”
रायगढ़ । छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को आमापारा स्थित गुरु घासीदास प्लाजा में संपन्न हुई। इस बैठक में राज्य के कोने-कोने से आए 500 से अधिक जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने अपनी लंबित मांगों और भविष्य की रणनीति पर हुंकार भरी।
महासम्मेलन के जरिए दिखेगी एकजुटता
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एनएचएम के 21 वर्षों (2005-2026) के गौरवशाली सफर और उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए एक भव्य प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश के लगभग 17,000 कर्मचारी अपने परिवार सहित शामिल होंगे। संघ इस मंच के माध्यम से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष अपनी आवाज बुलंद करेगा।
प्रमुख मांगें जिन पर बनी सहमति:
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत हैं। बैठक में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगों पर चर्चा हुई:
- नियमितीकरण की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण करना।
- उचित ग्रेड पे का निर्धारण।
- अनुकंपा नियुक्ति और पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करना।
- नई मानव संसाधन नीति (HR Policy) और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं।
- कर्मचारियों के लिए सुदृढ़ सामाजिक सुरक्षा के उपाय।
संघीय साथियों का संबोधन:
रायगढ़ जिलाध्यक्ष सुश्री शकुंतला एक्का ने बताया कि संगठन अब अपनी मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई के मूड में है और जल्द ही सरकार को पुनः ज्ञापन सौंपा जाएगा। लैलूंगा ब्लॉक अध्यक्ष जन्मजय सिदार एवं हलधर साहू ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, फिर भी अपनी बुनियादी सुविधाओं के लिए प्रतीक्षारत हैं।
बैठक में गरिमामयी उपस्थिति:
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, महासचिव कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, डॉ. आरके दीक्षित, प्रफुल्ल पाल, पुरन दास, डॉ. आलोक शर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे, दिनेश खर्कवाल, संतोष चंदेल, अमित कौशिक, दिव्या लाल, लीना जेम्स, अशोक उइके, निर्मला साहू, शिल्पी राय सहित प्रदेश भर के जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


