स्वच्छ व हरित विद्यालय रेटिंग में मुंगेली का शानदार प्रदर्शन, 08 स्कूलों को 4 व 5 स्टार

0
IMG-20260327-WA0910

मुंगेली। शिक्षा के साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 में मुंगेली जिले के विद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

इस रेटिंग प्रक्रिया में जिले के लगभग 1100 विद्यालयों ने भाग लिया, जिनमें से 911 विद्यालयों ने स्व-मूल्यांकन पूर्ण किया। मूल्यांकन 60 बिंदुओं पर आधारित रहा, जिसमें स्वच्छ पेयजल, शौचालय व्यवस्था, हाथ धोने की सुविधा, संचालन व रखरखाव, व्यवहार परिवर्तन तथा ‘मिशन लाइफ’ गतिविधियां शामिल रहीं। इन मानकों के आधार पर विद्यालयों को 1 से 5 स्टार तक रेटिंग प्रदान की गई।

जिले के 692 विद्यालयों ने तीन, चार और पांच स्टार रेटिंग हासिल कर जिले का मान बढ़ाया। इनमें से 119 विद्यालयों का चयन चार एवं पांच स्टार श्रेणी में जिला स्तर पर किया गया, जिनका विशेषज्ञ टीम द्वारा भौतिक सत्यापन कराया गया। सत्यापन के बाद 80 विद्यालय पात्र पाए गए, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 08 विद्यालयों का चयन राज्य स्तर पर नामांकन के लिए किया गया।

इन चयनित विद्यालयों में ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के स्कूल शामिल हैं, जिनमें शासकीय विद्यालयों के साथ नवोदय विद्यालय भी शामिल है। इन स्कूलों में स्वच्छता को व्यवहार का हिस्सा बनाया गया है। छात्र-छात्राओं में हाथ धोने की नियमित आदत, स्वच्छ परिसर, हरित वातावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय के मार्गदर्शन में गठित समिति ने पारदर्शी तरीके से चयन प्रक्रिया पूरी की। इस उपलब्धि के पीछे प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का सामूहिक प्रयास रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने कहा कि आने वाले समय में जिले के और भी विद्यालय इस दिशा में आगे बढ़ेंगे और स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!