सरकारी दर से कम बोली पर मवेशी बाजार नीलामी दूसरी बार निरस्त

0
IMG-20260327-WA0654

मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मवेशी बाजार शुल्क वसूली के वार्षिक ठेके हेतु आयोजित खुली नीलामी एक बार फिर निरस्त कर दी गई। शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित इस प्रक्रिया में प्राप्त बोली निर्धारित शासकीय दर से काफी कम होने के कारण प्रशासन ने इसे असफल घोषित कर दिया।

नीलामी की प्रक्रिया की अध्यक्षता नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रक्रिया की शुरुआत नियमानुसार की गई, जिसमें सभी शर्तों को उपस्थित बोलीकर्ताओं को विस्तार से बताया गया।

निर्धारित समयावधि के भीतर चार बोलीकर्ताओं—राजकपूर सिंह, अनिल तंबोली, अरविंद श्रीवास और अजीत खाण्डेकर—ने अमानत राशि जमा कर नीलामी में भाग लिया। नीलामी शुरू होने से पहले अनिल तंबोली द्वारा उठाए गए कुछ बिंदुओं पर अधिकारियों ने स्पष्टीकरण दिया। बताया गया कि मवेशी बाजार अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन संचालित होगा तथा इसका स्थान वार्ड क्रमांक 06 में ग्राम रेहुटा के पास आगर नदी किनारे निर्धारित है।

बोली की शुरुआत 1 लाख 11 हजार 111 रुपये से हुई, जो बढ़ते हुए अधिकतम 1 लाख 40 हजार रुपये तक पहुंची। हालांकि यह राशि निर्धारित शासकीय दर ₹33.67 लाख की तुलना में बेहद कम रही। इस बड़े अंतर को देखते हुए प्रशासन ने राजस्व हानि की संभावना के मद्देनजर नीलामी को अस्वीकार्य माना।

नगर पालिका अध्यक्ष की अनुमति से पूरी प्रक्रिया को रद्द घोषित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी कारण नीलामी निरस्त की जा चुकी है। अब तीसरी बार नीलामी की प्रक्रिया कब आयोजित होगी, इस पर निर्णय जल्द लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!