अवैध अफीम खेती एवं तस्करी मामले का एक और आरोपी जेल दाखिल

0
IMG-20260323-WA0995

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग । अवैध अफीम खेती एवं तस्करी प्रकरण में पतासाजी कार्यवाही के दौरान पुलगांव पुलिस ने एक और आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। इस अवैध अफीम खेती प्रकरण में अब तक कुल आठ आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं , वहीं तस्करी नेटवर्क की विस्तृत विवेचना जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा–सिरसा में दर्ज अपराध क्रमांक 247/2026 धारा 8 , 18 , 29 एवं 27(ड) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत ग्राम समोदा–झेनझरी में अवैध अफीम की खेती के मामले में दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है। प्रकरण में पूर्व में विकास बिश्नोई , विनायक ताम्रकार , मनीष उर्फ गोलू ठाकुर एवं छोटू राम को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके पश्चात विगत दिवस 15 मार्च को की गई कार्यवाही में रणछोड़ राम उर्फ रणजीत एवं सुनील देवासी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अफीम डोडा (चुक्की) एवं नगदी राशि बरामद की गई थी। साथ ही दिनांक 16.03.2026 को आरोपी मदरूपा राम विश्नोई को गिरफ्तार कर डोडा चूरी बिक्री से प्राप्त 42,000 रूपये जप्त किया गया था। विवेचना के दौरान आरोपी विकास बिश्नोई के मेमोरेंडम कथन में यह तथ्य सामने आया कि सुखराम बिश्नोई द्वारा भी अवैध रूप से डोडा चूरा का क्रय-विक्रय किया जाता है। प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम द्वारा राजस्थानी भोजनालय क्षेत्र , सिलोदा जिला दुर्ग में आरोपी की पतासाजी की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपी सुखराम बिश्नोई के कब्जे से उसकी वाहन डस्टर क्रमांक सीजी 04 एचडी 6632 की ड्राइवर सीट के नीचे से 670 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया गया। साथ ही आरोपी के पास से नगद 18,540 रूपये , एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू , वाहन संबंधी दस्तावेज (आरसी) एवं एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन गवाहों के समक्ष विधिवत जप्त किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना पुलगांव पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया तथा प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है। उक्त कार्यवाही में उप निरीक्षक खागेंद्र पठारे , प्रधान आरक्षक साहू , आरक्षक हीरालाल देशमुख , आरक्षक त्रिलोकनाथ भाटी एवं एसीसीयू दुर्ग , थाना पुलगांव एवं चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपी –

सुखराम बिश्नोई निवासी ग्राम – पिलवा (राजस्थान)

दुर्ग पुलिस की अपील –

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन एवं व्यापार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!