रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: सीलबंदी के दौरान 3.39 लाख की वसूली, बकाया न चुकाने पर प्रतिष्ठान सील
रायपुर। रायपुर नगर निगम द्वारा बकायादारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोन क्रमांक 1 क्षेत्र में सख्त सीलबंदी कार्रवाई की गई। इस दौरान नगर निगम के राजस्व विभाग ने बड़े बकायादारों पर दबाव बनाते हुए मौके पर ही लाखों रुपए की वसूली की।
यह पूरी कार्रवाई निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश, उपायुक्त राजस्व जागृति साहू के मार्गदर्शन तथा जोन 1 कमिश्नर अंशुल शर्मा के नेतृत्व में अंजाम दी गई। राजस्व विभाग की टीम ने बकाया कर नहीं जमा करने वाले बड़े प्रतिष्ठानों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
सीलबंदी की कार्रवाई के दौरान दो बड़े बकायादारों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 3 लाख 39 हजार रुपए की बकाया राशि निगम को जमा कर दी। इससे स्पष्ट हुआ कि निगम की सख्ती का असर बकायादारों पर पड़ रहा है।
वहीं, एक अन्य बड़े बकायादार अशोक कुमार जलाल द्वारा गुढ़ियारी स्थित अपने प्रतिष्ठान का 1 लाख 16 हजार 450 रुपए का बकाया भुगतान नहीं किया गया। बार-बार सूचना और चेतावनी के बावजूद राशि जमा नहीं करने पर नगर निगम की टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
इस अभियान में जोन कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक राजस्व अधिकारी मनीष मरकाम, राजस्व निरीक्षक आशीष शर्मा, संतोष साहू एवं सहायक राजस्व निरीक्षक अरविंद छेदइया सहित अन्य अधिकारी मौके पर उपस्थित रहे और पूरी कार्रवाई को नियमानुसार संपन्न कराया।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर जमा नहीं करने वाले अन्य बकायादारों के खिलाफ भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम ने शहर के सभी करदाताओं से समय पर कर जमा करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सीलबंदी जैसी कार्रवाई से बचना संभव नहीं होगा।
इस सख्त कदम से नगर निगम को राजस्व वसूली में गति मिलने के साथ ही अन्य बकायादारों में भी हड़कंप की स्थिति बन गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




