विश्व जल दिवस पर रतिजा में महिला सशक्तिकरण की पहल, प्रशिक्षण और किट वितरण से बढ़ा आत्मनिर्भरता का संकल्प
कटघोरा। रतिजा ग्राम में विश्व जल दिवस के अवसर पर वन मण्डल कटघोरा द्वारा “प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन” के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं किट वितरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में रंजीत कुमार निर्मलकर (अध्यक्ष, वन सुरक्षा समिति), कविता बाई कंवर (सरपंच) एवं पवार बाई निर्मलकर (उपसरपंच) शामिल रहीं। इस अवसर पर कुमार निशांत सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में ग्राम रतिजा, नॉनबेर्रा और चेढ़ा के स्व-सहायता समूहों की लगभग 250 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को व्यावहारिक जानकारी दी गई, जिसमें जैविक खेती एवं वर्मी कम्पोस्ट निर्माण की तकनीक, मशरूम उत्पादन के उन्नत तरीके और सॉफ्ट टॉय निर्माण जैसे स्वरोजगार आधारित कौशल शामिल थे। इन प्रशिक्षणों का उद्देश्य महिलाओं को कम लागत में अधिक आय के अवसर उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को स्वावलंबन की दिशा में प्रोत्साहित करने हेतु सिलाई मशीन एवं प्रशिक्षण किट का वितरण भी किया गया। इससे महिलाओं को घर-आधारित रोजगार शुरू करने में मदद मिलेगी और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी।
मुख्य अतिथि प्रेमचंद पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का समुचित प्रबंधन ग्रामीण विकास की आधारशिला है। उन्होंने वन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे प्रशिक्षण में सीखे गए कौशल को अपनाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें।
इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी कुमार निशांत ने विश्व जल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल और प्राकृतिक संसाधन हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण और संतुलित उपयोग से ही हम भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश गया है। ग्रामीण महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई है।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




