उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महिला समूहों को 11.43 करोड़ रुपए की राशि की अंतरित, आजीविका संवर्धन में होगी सहायक
सरस मेला से महिला समूह के उद्यमिता को मिलेगी व्यापक पहचान- उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने चार दिवसीय सरस मेले का किया शुभारंभ
आर्गेनिक खाद्य सामग्री सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं बनी आकर्षण का केन्द्र
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत सरदार पटेल मैदान कवर्धा में आयोजित चार दिवसीय संभागीय सरस मेला का शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने महिला समूहों को विभिन्न योजनाओं के तहत 11.43 रूपये की सहायता राशि के चेक वितरण किए, जो महिला समूहों के आजीविका संवर्धन में सहायक सिद्ध होंगे। इस दौरान पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कवर्धा चन्द्रप्रकाश चन्द्रवंशी, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओं अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी स्टालों का निरीक्षण कर महिला समूह के सदस्यों से उनके व्यवसाय की जानकारी ली। स्टाल में दीदियों से चर्चा करते हुए व्यवसाय के लिए कच्चे माल उसके उत्पादन और विक्रय की जानकारी ली। लखपति दीदियों से बात करते हुए कहा की ग्रामीण महिलाएं अपने परिवार का मजबूत आधार स्तंभ बनकर उभरी है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान कर रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि संभागीय सरस मेला के आयोजन से दुर्ग संभाग के सभी सात जिलो के महिला स्व सहायता की दीदीयां लाभान्वित होगी। समूह द्वारा बनाये गए दैनिक उपयोग के आकर्षक सामाग्री, जैविक खादय पदार्थ एवं अन्य उपयोगी वस्तुओं को विक्रय के लिए शहर के हृदय स्थल में मंच मिल रहा है। स्थानीय स्तर पर वोकल फाॅर लोकल को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन राज्य शासन द्वारा निर्धारित किया गया है। इस आयोजन से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक लाभ होगा जिससे वे आत्मनिर्भर होने की दिशा मे आगे बढ़ेगी। शर्मा ने आगे कहा की हमारा प्रयास है कि ग्रामीण भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महिलाओं की पूरी भागीदारी हो और वे अपने लघू व्यवसाय से उद्यमी की पहचान हासिल कर सके। मेले में आए सभी स्व सहायता समूह की दीदियों को उपमुख्यमंत्री ने उनके व्यवसाय के लिए शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि इस आयोजन से क्षेत्र की जनता को लाभ होगा।उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि दीदी महिला स्व सहायता समूहों से जुड़कर विभिन्न आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। प्रदेश में 2 लाख 69 हजार से अधिक महिला स्व सहायता समूह संचालित हैं, जिनसे लगभग 30 लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इन समूहों से जुड़ने के बाद महिलाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि महिला स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल स्वावलंबी बन रही हैं, बल्कि विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर आर्थिक रूप से सशक्त भी हो रही हैं। राज्य सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि दीदी के गोठ कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से स्व सहायता समूह की महिलाएं अपने नवाचारी कार्यों को साझा करती हैं। यह कार्यक्रम हिंदी के साथ-साथ गोंडी और हल्बी भाषा में भी संचालित किया जा रहा है, जिससे बस्तर अंचल की महिलाएं भी इसे आसानी से समझ पा रही हैं। इससे प्रदेशभर में महिलाओं द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की जानकारी एक-दूसरे तक पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सम्मेलन एवं बैठकों के लिए सीएफएल स्तर पर 30-30 लाख रुपए की लागत से महतारी सदन का निर्माण कराया जा रहा है। इस दिशा में पूरे प्रदेश में 300 महतारी सदनों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार महिलाओं और बुजुर्गों को मिलने वाली पेंशन राशि अब उनके गांव में ही उपलब्ध कराने की व्यवस्था कर रही है। इसके लिए हर ग्राम पंचायत में अटल डिजिटल सेवा केंद्र खोले जा रहे हैं, जिससे लोगों को कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। उन्होंने बनासकांठा के अनुभव को साझा करते हुए बताया कि वहां सहकारी (कॉपरेटिव) मॉडल के माध्यम से महिलाएं बड़े उद्योगों से जुड़कर व्यापक स्तर पर दुग्ध उत्पादन कर रही हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ में भी स्व सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं छोटे बड़े उद्योगों का संचालन कर सकती हैं। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि बैंक लिंकेज के माध्यम से महिलाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित करना होगा और इस दिशा में गंभीरता से सोचते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएं बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और संगठित होकर बड़े स्तर पर कार्य करते हुए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बने। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म एप्लीकेशन विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इस एप के माध्यम से आम नागरिक सीधे महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित सामग्री को आसानी से खरीद सकेंगे, जिससे महिलाओं को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घरों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इन आवासों के निर्माण में अब महिला स्व सहायता समूह की महिलाएं डीलर दीदी के रूप में जुड़कर छड़ और सीमेंट की सब-डीलर बन रही हैं। इसके साथ ही वे शेटरिंग जैसे कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि आज महिला स्व सहायता समूहों को 10 टाटा मैजिक वाहन प्रदान किए जा रहे हैं, जो शासन के अनुदान से दिए जा रहे हैं। यह वाहन महिलाओं के व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायक साबित होंगे और वे अपनी आय बढ़ाकर लखपति दीदी के रूप में पहचान बना सकेंगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब तक 8 लाख लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं और इस संख्या को और बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया कि आज सरस मेला में बैंक लिंकेज के तहत 10 करोड़ रुपए की राशि का अंतरण किया जाएगा। 271 महिला स्व सहायता समूहों को 40 लाख 65 हजार रुपए की चक्रीय निधि दी जाएगी। इसी प्रकार 172 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत सीएफएल के माध्यम से 1 करोड़ 3 लाख 20 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। जिससे महिलाएं अपने व्यवसाय को और मजबूत बना सकेंगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार का प्रयास है कि महिला समूहों को अधिक से अधिक संख्या में स्व रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाए। यह सरस मेला महिला समूहों के उत्पादों के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध करा रहा है। महिला समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना संचालित की जा रही है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन से स्व सहायता समूहों को बढ़ावा मिलता है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के महतारी वंदन योजना संचालित है। पीएम आवास का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। स्व सहायता समूहों के लिए महतारी सदन के निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सरस मेला आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसका 23 मार्च से 26 मार्च तक होगा। मेले में सभी आयु वर्ग के लोगो के लिए महिला समूह द्वारा तैयार किये गये आकर्षक सामान उपलब्ध है। मिलेट से बने अनेकों प्रकार के बिस्कुट, आचार, पापड़, फिनायल, दोना-पत्तल, अगरबत्ती, बिरनमाला एवं हैण्डलूम के बने बैग ईत्यादी स्थानीय स्तर पर तैयार किये गये है। इस संबंध में सीईओं जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि संभागीय सरस मेला में कबीरधाम जिले के साथ-साथ जिला राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा, बालोद, खैरागढ़-छूईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर, अंबागढ़ चौकी के महिला स्व सहायता समूह द्वारा प्रदर्शनी लगायी गई है। हमारा प्रयास है कि बिहान की दीदियों द्वारा स्थानीय स्तर पर तैयार किये गये वस्तूओं का व्यापक प्रचार करते हुए विक्रय के लिए मंच उपलब्ध कराना है जिससे की आजीविका संवर्धन की गतिविधियों को बढ़ावा मिले और महिलाएं आर्थिक रूप से लाभान्वित हो। हम सब के सहयोग से समूह की दीदियों को प्रोत्साहन मिलेगा और वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकेगी। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं किड्स जोन भी रखा गया है जो सभी के लिए आर्कषण का केन्द्र है। उल्लेखनीय है कि संभागीय सरस मेला का आयोजन सरदार पटेल मैदान कवर्धा में 23 मार्च से 26 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 11ः00 से रात 9ः00 बजे तक होगा।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




