कचना में वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार11 दोपहिया वाहन बरामद, 4.40 लाख रुपये की जप्ती

0
IMG-20260319-WA1254

रायपुर । राजधानी में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना खम्हारडीह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों और एक अवैध चाबी बनाने वाले को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 नग दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4.40 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नॉर्थ जोन में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में खम्हारडीह थाना पुलिस को सक्रिय किया गया।

19 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कचना स्थित शराब दुकान के पास कुछ युवक चोरी के दोपहिया वाहनों को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी डॉ. मानसी नानाभाऊ साकोरे के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और वाहनों के वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अलग-अलग क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों की चाबी बनवाने के लिए मोवा निवासी एक व्यक्ति की मदद लेते थे, जो अवैध रूप से चाबी बनाने का काम करता था। पुलिस ने उक्त व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर शहर के अलग-अलग स्थानों से कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रोफेशनल तरीके से वाहन चोरी करते थे और बाद में उन्हें बेचने की फिराक में रहते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में कुलदीप गेंडरे उर्फ जानू (21 वर्ष) निवासी बलौदाबाजार, करण साहू उर्फ बाका (20 वर्ष) निवासी कचना रायपुर और शेख स्वालेह (40 वर्ष) निवासी मोवा रायपुर शामिल हैं।

इस मामले में थाना खम्हारडीह में एक प्रकरण के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है, जबकि अन्य बरामद वाहनों के संबंध में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!