धान खरीदी केंद्र में बड़ा घोटाला? सत्यापन के बाद बढ़ा 319 क्विंटल धान, जांच की मांग

0
IMG-20260319-WA1187

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बहतरा स्थित धान खरीदी केंद्र में कथित तौर पर बड़ा भ्रष्टाचार सामने आया है। केंद्र के प्रबंधक उमाशंकर पटेल और ऑपरेटर नरेंद्र कुमार पटेल पर मिलीभगत कर धान खरीदी में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, केंद्र में धान खरीदी 5 फरवरी को समाप्त हो चुकी थी और इसके बाद विधिवत सत्यापन भी किया गया। सत्यापन के दौरान कुल 40,135 क्विंटल धान दर्ज पाया गया था। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि 7 मार्च को रिकॉर्ड में धान की मात्रा बढ़कर 40,454 क्विंटल हो गई। यानी सत्यापन के बाद भी 319 क्विंटल धान की अतिरिक्त एंट्री कर दी गई।


इस पूरे मामले में करीब 10 लाख रुपये के धान के हेरफेर की आशंका जताई जा रही है। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह बंद हो चुकी थी और सत्यापन भी हो गया था, तब अतिरिक्त धान की एंट्री कैसे संभव हुई।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा मामला केंद्र प्रबंधक उमाशंकर पटेल और ऑपरेटर नरेंद्र कुमार पटेल की मिलीभगत से अंजाम दिया गया है।

वहीं, जिला नोडल अधिकारी और सहकारिता विभाग के सीईओ गोदली वर्मा की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों पर कब तक कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!