रामकृष्ण अस्पताल हादसे पर राष्ट्रीय आयोग सख्त, उपाध्यक्ष गिल ने किया स्थल निरीक्षण पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दी सांत्वना, सुरक्षा मानकों के पालन के सख्त निर्देश
रायपुर । रामकृष्ण अस्पताल में हुई दुखद घटना को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर गंभीरता दिखाई जा रही है। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान रायपुर पहुंचकर न केवल घटना स्थल का निरीक्षण किया, बल्कि मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
श्री गिल संतोषी नगर स्थित बीएसयूपी कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक गोविंद सेंदरे के परिजनों से भेंट कर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान परिजनों ने बताया कि घटना के दिन गोविंद सेंदरे सफाई कार्य के लिए रामकृष्ण अस्पताल गए थे, जहां हादसा हुआ। इस पर उपाध्यक्ष गिल ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में भारत सरकार परिवार के साथ खड़ी है और हर आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग सभी सफाई कर्मचारियों—चाहे वे नियमित हों या ठेका प्रणाली के तहत कार्यरत—के अधिकारों और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। परिजन अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रख सकते हैं, जिनका निराकरण प्राथमिकता से किया जाएगा।
इसके पश्चात श्री गिल रामकृष्ण अस्पताल पहुंचे और घटना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली, विशेष रूप से गैस रिसाव की स्थिति, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और आपातकालीन प्रबंधन को लेकर सवाल किए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश में मैनुअल स्कैवेंजिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है और इस प्रकार के कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सीवरेज एवं सफाई कार्यों में लगे कर्मचारियों को सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

श्री गिल ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि यदि सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी संस्थानों को गंभीरता से नियमों का पालन करना होगा।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, निगम उपायुक्त विनोद पांडेय, सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है, ताकि दोषियों की जिम्मेदारी तय कर उचित कार्रवाई की जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




