बड़े बकायेदारों पर निगम की सख्ती, कुर्की वारंट और डिमांड नोटिस जारी
रायपुर। नगर पालिक निगम द्वारा बकाया राजस्व वसूली अभियान को तेज करते हुए बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त विश्वदीप के आदेश पर जोन 8 राजस्व विभाग ने कुर्की वारंट जारी करने और डिमांड नोटिस देने की कार्रवाई की है।
जोन 8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 के बड़े बकायेदार हरवंश सिंह, सुरजीत कौर, रंजीत कौर और कृपाल सिंह के खिलाफ 4,52,317 रुपये की बकाया राशि की वसूली हेतु कुर्की वारंट जारी किया है।
इसी क्रम में, 5,29,424 रुपये के बकायेदार प्रीतम सिंह (रिंग रोड नंबर 2, टाटीबंध चौक) को बकाया राशि जमा करने के लिए डिमांड नोटिस जारी किया गया है। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समय पर भुगतान नहीं करने की स्थिति में सीलबंदी और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, 18,28,599 रुपये के बड़े बकायेदार गोयल एनर्जी एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड के संचालक दीपक अग्रवाल और रितेश अग्रवाल को भी सम्पूर्ण बकाया राशि जमा करने हेतु नोटिस जारी किया गया है।
यह कार्रवाई अपर आयुक्त राजस्व कृष्णा खटीक और उपायुक्त राजस्व जागृति साहू के निर्देशानुसार की जा रही है।
नगर निगम ने जानकारी दी है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार संपत्तिकरदाताओं को 30 अप्रैल तक बिना अधिभार के कर जमा करने की विशेष छूट दी गई है। इसके लिए सभी जोनों और वार्डों में मुनादी कर नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।
निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बकाया राशि जमा नहीं करने वाले करदाताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


