तीन साल बाद हत्या के फरार आरोपी गिरफ्तार, तिल्दा नेवरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायपुर (ग्रामीण)। वर्ष 2023 में हुए सनसनीखेज हत्या कांड में फरार चल रहे तीन आरोपियों को तिल्दा नेवरा पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से पुलिस से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान छिपाते हुए अलग-अलग स्थानों पर ठिकाना बदल रहे थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुंदरू निवासी जितेन्द्र पाल की ग्राम जलसो के आशु उईके और उसके साथियों द्वारा चाकू, लाठी एवं अन्य हथियारों से बेरहमीपूर्वक हत्या कर दी गई थी। इस हमले में मृतक के पुत्र को भी गंभीर रूप से घायल किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और विभिन्न राज्यों में संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी बीच 7 अप्रैल 2026 को पुलिस को विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी फेन्टा उर्फ फिरन्ता पारधी, मनोज उईके और ईशु उईके अपने गृह ग्राम जलसो आने वाले हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में फेन्टा उर्फ फिरन्ता पारधी (26 वर्ष), मनोज उईके (30 वर्ष) और ईशु उईके (26 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी ग्राम जलसो, थाना तिल्दा नेवरा के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 307, 458, 147, 148, 149, 294, 506बी, 427, 384 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लंबे समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इस कार्रवाई को तिल्दा नेवरा पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


