अमरकंटक में 37वीं विभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 12-13 अप्रैल को

0
IMG-20260411-WA0695

• सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 300 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक । मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दो दिवसीय 37वीं विभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 12 एवं 13 अप्रैल (रविवार एवं सोमवार) को किया जाएगा । यह आयोजन सरस्वती शिक्षा परिषद , महाकोशल प्रांत , जबलपुर के मार्गदर्शन में संपन्न होगा ।
इस प्रतियोगिता में महाकोशल प्रांत के विभिन्न जिलों—शहडोल , उमरिया एवं अनूपपुर से लगभग 300 भैया-बहन (छात्र-छात्राएं) भाग लेंगे । प्रतिभागी दौड़ , लंबी कूद , ऊंची कूद , गोला फेंक एवं भाला फेंक जैसी विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे ।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना , अनुशासन एवं शारीरिक दक्षता का विकास करना है । विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं । आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने , भोजन एवं खेल सामग्री की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है ।

प्रतियोगिता का शुभारंभ 12 अप्रैल 2026 को प्रातः 10 बजे होगा । कार्यक्रम की अध्यक्षता अंबिका प्रसाद तिवारी (पूर्व अध्यक्ष – विशेष क्षेत्र प्राधिकरण अमरकंटक) करेंगे । मुख्य अतिथि के रूप में रोशन पनारिया (भाजपा मंडल अध्यक्ष अमरकंटक) एवं विशिष्ट अतिथियों में ओम प्रकाश अग्रवाल (खंड संघ चालक पुष्पराजगढ़) , श्रीमती अर्चना सिंह पायक (प्राचार्य पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय अमरकंटक) एवं डॉ. आर.पी. सारिवान (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक) शामिल रहेंगे ।
विद्यालय के प्राचार्य रोहित लाल त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय में समय-समय पर विभिन्न खेल एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहता है जिनमें विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हैं । उन्होंने अभिभावकों , क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!