महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी पर गंभीर आरोप, जांच तेज; महिला कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

0
07-9

दंतेवाड़ा । महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश पर विभाग की महिला कर्मचारियों द्वारा अश्लील व्यवहार और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए जाने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस संवेदनशील मामले को लेकर महिला कांग्रेस ने तुलिका कर्मा के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जांच टीम में महिला शहर अध्यक्ष इंदिरा शर्मा, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा सोरी और राधा नाग शामिल रहीं। टीम ने सखी सेंटर और महिला बाल विकास कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों-कर्मचारियों के बयान दर्ज किए तथा पीड़ित महिलाओं से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं।

तुलिका कर्मा ने बताया कि जांच के दौरान पीड़ित महिलाओं ने कार्यस्थल पर अनुचित व्यवहार, आपत्तिजनक टिप्पणियां और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जांच टीम के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ कर्मचारियों द्वारा मामले को दबाने और पीड़ितों पर बयान बदलने का दबाव बनाने का प्रयास किया गया। टीम ने इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की बात कही है।

महिला शहर अध्यक्ष इंदिरा शर्मा ने कहा कि विभाग में कार्यरत महिलाएं भय के माहौल में हैं और खुलकर अपनी बात नहीं रख पा रही हैं। वहीं सुलोचना कर्मा ने कहा कि जिस विभाग का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा है, वहीं यदि महिलाएं असुरक्षित महसूस करें तो यह गंभीर चिंता का विषय है।

इस मामले में आरोपी अधिकारी वरुण नागेश ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को फंसाने की साजिश बताया है।

इधर, जांच टीम ने कलेक्टर देवेश ध्रुव से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। कलेक्टर ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए बताया कि गीदम तहसीलदार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जो एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो कलेक्टोरेट का घेराव किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!