विश्व स्वास्थ्य दिवस पर एसईसीएल मुख्यालय में वॉकथॉन का आयोजन, 200 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
बिलासपुर। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय में स्वास्थ्य, फिटनेस और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया गया। एसईसीएल के चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास एवं निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि मानव शरीर एक अनमोल धरोहर है और स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है, इसलिए सभी को नियमित रूप से फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए।
इस वर्ष की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट, विज्ञान के साथ खड़े हों” के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।

वॉकथॉन में शामिल लगभग 200 कर्मचारियों ने स्वास्थ्य शपथ लेकर नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए टी-शर्ट और बैज भी वितरित किए गए।
करीब 3 किलोमीटर की इस वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो वसंत विहार स्थित रवींद्र भवन में जाकर समाप्त हुई। कार्यक्रम ने स्वस्थ कार्यबल और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया।


The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


