करोड़ों की लागत से बन रहा गौरव पथ विवादों में, निर्माण कार्य ठप — भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी योजना, जनता बेहाल

0
IMG-20260408-WA0591

मुंगेली। शहर की लाइफलाइन माने जाने वाले गौरव पथ निर्माण कार्य इन दिनों गंभीर विवादों में घिर गया है। करोड़ों की लागत से बन रही इस सड़क में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों के बीच निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ गया है। अधूरे काम, घटिया निर्माण और कछुआ गति से प्रगति ने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटिया निर्माण पर उठे सवाल, शुरुआती काम में ही दरारें
गौरव पथ निर्माण की शुरुआत से ही गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि निर्माण में मानक स्तर की सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। डिवाइडर निर्माण में की गई डिजाइनिंग और उपयोग की गई सामग्री पर भी सवाल उठ रहे हैं। कई स्थानों पर डिवाइडर और बिजली पोल के आसपास बनाए गए ईंट के बॉक्स में शुरुआती चरण में ही दरारें और टूट-फूट दिखाई देने लगी है। प्लास्टर उखड़ने जैसी स्थिति ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर संदेह पैदा कर दिया है।

पेड़ों की कटाई के बाद भी अधूरा काम, बढ़ा आक्रोश
गौरव पथ निर्माण के लिए बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की गई थी, जिसे लेकर पहले ही लोगों में नाराजगी थी। अब अधूरा और खराब निर्माण कार्य सामने आने से लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है। नागरिकों का कहना है कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के बाद भी गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं किया जा रहा है।

कमीशनखोरी के आरोप, विभाग-ठेकेदार पर उठे सवाल
स्थानीय स्तर पर ठेकेदार और संबंधित विभाग के बीच सांठगांठ की चर्चाएं भी तेज हैं। लोगों का आरोप है कि कमीशनखोरी के चलते निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। शासकीय राशि के दुरुपयोग और बंदरबांट की बात भी सामने आ रही है, जिससे पूरे प्रोजेक्ट की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

निर्माण बंद, धूल और गड्ढों से परेशान जनता
पिछले कई दिनों से गौरव पथ का निर्माण कार्य बंद पड़ा है। अधूरी सड़क और जगह-जगह खुदे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उड़ती धूल से आसपास के दुकानदारों और आम लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ रहा है, खासकर सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

जल्द कार्रवाई की मांग, प्रशासन पर नजरें
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य जल्द शुरू कराएं और दोषियों पर कार्रवाई करें। फिलहाल, गौरव पथ निर्माण की स्थिति और उस पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप नगर में चर्चा का विषय बने हुए हैं और सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!