राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा : कबीरधाम में 5 केंद्र, 2220 अभ्यर्थी होंगे शामिल
22 फरवरी को दो पालियों में होगी परीक्षा
परीक्षा से दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य
अभ्यर्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी, पालन जरूरी
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह | कवर्धा
, रायपुर द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 का आयोजन 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपरान्ह 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के लिए जिले में कुल 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2220 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने तथा अनुचित साधनों के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा के नोडल अधिकारी ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के नाम, सरनेम अथवा फोटो पहचान पत्र में किसी भी प्रकार का अंतर है, वे नाम परिवर्तन संबंधी शपथ पत्र की मूल प्रति प्रस्तुत करने पर ही परीक्षा में बैठ सकेंगे।
परीक्षा केंद्र में केवल ये सामग्री रहेगी मान्य
अभ्यर्थी अपने पास केवल लेबल रहित पारदर्शी पानी की बोतल, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी ऑनलाइन प्रवेश पत्र का प्रिंटआउट तथा मूल पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड या ई-आधार कार्ड ही रख सकेंगे। यदि प्रवेश पत्र में फोटो अस्पष्ट या गलत छपा हो, तभी दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो साथ लाने की अनुमति होगी। इसके अलावा काले या नीले रंग के बॉल प्वाइंट पेन की अनुमति रहेगी।
इनके अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अन्य सामग्री मिलने पर अभ्यर्थी के विरुद्ध अनुचित साधन का प्रकरण बनाया जाएगा।
घड़ी, जूते और डिजिटल उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की घड़ी, चाहे वह मैकेनिकल हो या स्मार्टवॉच, पहनने की अनुमति नहीं होगी। जूते, मोटे सोल या ऊंची हील वाले फुटवियर भी प्रतिबंधित रहेंगे। केवल पतले सोल की चप्पल या स्लीपर पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
नजर के चश्मे के अलावा किसी भी प्रकार के गॉगल्स, डिजिटल या स्मार्ट ग्लास पहनने की अनुमति नहीं होगी। चिकित्सकीय कारणों से जूते या विशेष उपकरण की आवश्यकता होने पर गहन जांच के बाद ही अनुमति दी जाएगी। सहलेखक की अनुमति प्राप्त दिव्यांग अभ्यर्थियों और उनके सहलेखकों को भी सभी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
ड्रेस कोड भी रहेगा सख्त
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी या गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े वर्जित रहेंगे। कार्गो और डिजाइनर कपड़ों की अनुमति नहीं होगी।
महिला अभ्यर्थी सलवार-कुर्ती व चुनरी पहन सकती हैं, लेकिन कुर्ती की बांह आधी होनी चाहिए। साड़ी के साथ ब्लाउज की बांह भी आधी होना अनिवार्य है। कानों में आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की अनुमति होगी, वह भी जांच के अधीन।
समय से पहुंचना अनिवार्य
सभी अभ्यर्थियों को प्रत्येक पाली में परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। इस दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच, मैन्युअल तलाशी, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र का सत्यापन तथा फेस वेरिफिकेशन किया जाएगा।
परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष के अंदर भी आवश्यकतानुसार तलाशी ली जा सकेगी।
परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, लॉग टेबल या किसी भी प्रकार के संचार उपकरण पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। यदि प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है तो अभ्यर्थी के विरुद्ध अनुचित साधन का मामला दर्ज किया जाएगा, चाहे उसका उपयोग किया गया हो या नहीं।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




