ढाबा संचालक से अवैध वसूली का आरोप, तीन पुलिसकर्मी लाइन अटैच
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे रुपए, एसएसपी ने की सख्त कार्रवाई
बिलासपुर। बिलासपुर जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। ढाबा संचालक से अवैध शराब के नाम पर वसूली करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप में एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई सहित तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया है।
खंडहर में ले जाकर दी धमकी, की सौदेबाजी
प्राप्त जानकारी के अनुसार मस्तूरी थाना क्षेत्र के दर्रीघाट स्थित एक ढाबा में दबिश देकर पुलिसकर्मियों ने संचालक को पकड़ लिया। उसे थाने ले जाने के बजाय थाने के पीछे स्थित एक पुराने खंडहरनुमा मकान में ले जाया गया, जहां उस पर अवैध शराब बेचने का आरोप लगाते हुए आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करने और जेल भेजने की धमकी दी गई।
इसके बाद बिना कार्रवाई छोड़े जाने के एवज में रुपयों की मांग कर सौदेबाजी की गई।
अन्य पुलिसकर्मियों को भनक लगते ही छोड़ा
सूत्रों के अनुसार, इस पूरी घटना की भनक थाने के अन्य पुलिसकर्मियों को लग गई, जिसके बाद बिना किसी कार्रवाई के ढाबा संचालक को छोड़ दिया गया।
मुक्त होने के बाद संचालक ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत एसएसपी से की, जिसमें उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग की थी।
तीनों आरोपी पुलिसकर्मी लाइन अटैच
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई शिव चंद्रा, आरक्षक शशिकरण कुर्रे और शिवधन बंजारे को लाइन अटैच कर दिया है।
पुलिस विभाग में फेरबदल भी
इस मामले के अलावा एसएसपी ने विभागीय व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के तबादला आदेश भी जारी किए हैं।
- एएसआई ढोलाराम मरकाम को पुलिस लाइन से मस्तूरी भेजा गया है।
- मनोज यादव को पुलिस लाइन से सिविल लाइन थाना पदस्थ किया गया है।
- आरक्षक अरविंद अनंत को कोटा से सीपत स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस की साख पर उठे सवाल
घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और जवाबदेही पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, वरिष्ठ अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से यह संकेत भी मिला है कि विभाग इस तरह के मामलों को लेकर गंभीर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।


The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


