डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, युवाओं ने लिया बदलाव का संकल्प

0
IMG-20260415-WA1016

रिपोर्टर ✒️ सूचित कुमार मरावी

बिलासपुर । भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर बिलासपुर शहर का रेलवे परिसर “जय भीम” के नारों से गूंज उठा। सर्व आदिवासी समाज के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने सामाजिक जागरूकता, एकता और परिवर्तन का नया संदेश दिया। कार्यक्रम में करीब 1000 से अधिक लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज बिलासपुर के जिला अध्यक्ष लव सिदार विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनके नेतृत्व में यह आयोजन अत्यंत व्यवस्थित और प्रेरणादायक रूप से संपन्न हुआ। उनके साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेन्द्र पोर्ते, दिलीप ध्रुव, जनक राम मरकाम, शुभम मरावी, राजीव ध्रुव, खोगेश पोते, मुकेश मरावी, विजय सिदार, संजय मरावी, बबलू मरकाम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, उनके क्रांतिकारी विचारों और सामाजिक न्याय के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि
“बाबा साहेब केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जो हर उस व्यक्ति को शक्ति देती है जो अन्याय के खिलाफ खड़ा होना चाहता है।” सभा में खासतौर पर युवाओं की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा, संगठन और संघर्ष के मूल मंत्र को अपनाते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लें। “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” के संदेश के साथ युवाओं में जोश और जागरूकता की नई लहर देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, समानता और अधिकारों की रक्षा को लेकर सामूहिक संकल्प भी लिया गया। उपस्थित जनों ने यह प्रण लिया कि वे बाबा साहेब के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में भेदभाव और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
अंत में, पूरे आयोजन ने यह साबित कर दिया कि बाबा साहेब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, और नई पीढ़ी उनके आदर्शों को अपनाकर एक मजबूत, समान और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए तैयार है। “जय भीम” के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, लेकिन जागरूकता और बदलाव की यह चिंगारी अब पूरे समाज में फैलने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!