नकली सोना बताकर ज्वेलरी बदलने का खेल उजागर, दंपत्ति गिरफ्तार

0
IMG-20260412-WA1328

बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में नकली सोने को असली बताकर ज्वेलरी बदलने का मामला सामने आया है। बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस धोखाधड़ी में शामिल पति-पत्नी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली सोने के आभूषण जब्त किए हैं।

ज्वेलर्स को बनाया निशाना
मामले में यदुनंदन नगर तिफरा निवासी जलेश कुमार आहिरे (26 वर्ष), जो सदर बाजार स्थित लीला ज्वेलर्स में मैनेजर हैं, ने 11 अप्रैल 2026 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल की शाम एक महिला दुकान में आई और अपना नाम पूनम वर्मा बताते हुए अपने पास रखे एक जोड़ी टॉप्स और एक अंगूठी को 18 कैरेट सोना बताते हुए बदलने की मांग करने लगी।

संदेह होने पर खुला राज
ज्वेलरी को हाथ में लेने पर उसका वजन असामान्य रूप से हल्का लगा, जिससे संदेह हुआ। मशीन से जांच कराने पर दोनों आभूषण नकली पाए गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 234/26 के तहत धारा 318(4), 62, 112 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की गई।

बाजार में घूमते मिले आरोपी
तलाश के दौरान पुलिस को सदर बाजार क्षेत्र में संदिग्ध महिला अपने पति और बच्चे के साथ घूमते हुए मिली। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

नकली आभूषण जब्त
आरोपियों के पास से 18 कैरेट (750 हॉलमार्क अंकित) नकली सोने के टॉप्स (वजन 4.230 ग्राम) और अंगूठी (वजन 3.100 ग्राम) बरामद कर जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस प्रकार की धोखाधड़ी कर ज्वेलर्स को निशाना बनाते थे।

उत्तर प्रदेश के निवासी हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय वर्मा (40 वर्ष) और पूनम वर्मा (30 वर्ष), निवासी ग्राम भूलनपुर, थाना मडवाहीह, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों पति-पत्नी मिलकर इस ठगी को अंजाम देते थे।

जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

पुलिस की अपील
पुलिस ने ज्वेलर्स एवं आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतें और आभूषणों की जांच अनिवार्य रूप से मशीन से कराएं, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!