स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी रफ्तार, जिले को मिली 7 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस
विधायक मोहले ने दिखाई हरी झंडी, आपातकालीन सेवाओं में होगा बड़ा सुधार
मुंगेली। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त और त्वरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 7 नई 108 संजीवनी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को सेवा में शामिल किया गया। जिला कलेक्टोरेट परिसर से विधायक पुन्नूलाल मोहले ने इन एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में यह व्यवस्था जिले के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है।
समय पर मिलेगी चिकित्सा सहायता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मोहले ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप अब शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। नई एम्बुलेंस के शामिल होने से यह लक्ष्य हासिल करने में काफी मदद मिलेगी और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में हर मिनट कीमती होता है, ऐसे में यह सुविधा जिले के लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित होगी। शासन का उद्देश्य है कि कोई भी मरीज समय पर इलाज के अभाव में परेशान न हो।
विभिन्न क्षेत्रों में की गई एम्बुलेंस की तैनाती
जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि नई एम्बुलेंस का समुचित वितरण किया गया है ताकि जिले के हर क्षेत्र को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि 2 एम्बुलेंस जिला चिकित्सालय में, 1 सेतगंगा, 2 लोरमी क्षेत्र, 1 पथरिया और 1 सरगांव में तैनात की गई है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि एम्बुलेंस सेवा के विस्तार से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। मरीजों को प्राथमिक उपचार के साथ-साथ सुरक्षित और त्वरित परिवहन सुविधा मिल सकेगी। इससे दुर्घटना, प्रसव एवं अन्य आपातकालीन मामलों में राहत मिलेगी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एसडीएम अजय शतरंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे, डॉ. एम.के. रॉय, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, शैलेष पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
जनता को मिलेगा सीधा लाभ
नई एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों के लिए यह सुविधा राहत भरी साबित होगी। इससे न केवल मरीजों को समय पर इलाज मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में जनता का विश्वास भी और मजबूत होगा।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




