रेलवे ट्रैक किनारे मिली अज्ञात युवती की हुई पहचान, अपहरण मामले से जुड़ा निकला शव

0
IMG-20260331-WA0981

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

मस्तूरी। थाना मस्तूरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे मिली अज्ञात युवती के शव की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। जांच के दौरान सामने आया कि मृतका खैरागढ़ थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग लड़की है। पहचान के बाद परिजनों ने शव को ग्रहण कर अंतिम संस्कार के लिए अपने गृह ग्राम रवाना किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को एक रेलवे गार्ड द्वारा थाना मस्तूरी पहुंचकर सूचना दी गई थी कि ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवती का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग क्रमांक 23/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा अज्ञात युवती की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए शव की जानकारी प्रसारित की गई, ताकि मृतका के परिजनों तक सूचना पहुंच सके। इसी बीच 30 मार्च की देर रात थाना खैरागढ़ से संपर्क स्थापित हुआ।

खैरागढ़ पुलिस ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में अपराध क्रमांक 133/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज है और अपहृत लड़की का हुलिया मस्तूरी में मिली अज्ञात युवती से मेल खा रहा है। इसके बाद दोनों थानों के बीच समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की गई।

31 मार्च को ग्राम चिचोला, ठेलकाडीह से मृतका के परिजन थाना मस्तूरी पहुंचे। परिजनों ने शव की पहचान अपनी नाबालिग बेटी के रूप में की। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया, जो अंतिम संस्कार के लिए अपने गांव रवाना हो गए।

मामले में अब आगे की जांच थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण के बाद युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग घटना की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!