दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में ईमानदारी की मिसाल: “रेल कर्मचारी ने लौटाया खोया आभूषण”
• गाड़ी संख्या 20846 (बीकानेर – बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस) में छूटी सोने की बाली को सुरक्षित लौटाकर रेल कर्मचारी ने प्रस्तुत की ईमानदारी व उत्कृष्ट सेवा की मिसाल
दपूमरे, नागपुर मंडल । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में कार्यरत मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) राज कुमार ने अपनी सतर्कता, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए ट्रेन में छूटी यात्री की बहुमूल्य सोने की बाली को सुरक्षित लौटाकर रेल सेवा की उत्कृष्ट परंपरा को और सुदृढ़ किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 मार्च 2026 को श्री राज कुमार गाड़ी संख्या 20846 (बीकानेर–बिलासपुर सुपरफास्ट) में ट्रेन कैप्टन के रूप में ड्यूटी पर कार्यरत थे। नागपुर स्टेशन से ट्रेन के प्रस्थान के पश्चात नियमित कोच निरीक्षण के दौरान वे एसी प्रथम श्रेणी (H1) कोच के एफ केबिन में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि प्रयुक्त बेडशीट पर एक सोने की बाली पड़ी हुई है, जो संभवतः किसी यात्री की छूट गई थी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए राज कुमार ने तत्काल कोच अटेंडेंट को बुलाकर संबंधित बेडशीट को सुरक्षित रूप से हटवाया तथा उक्त बाली को अपने संरक्षण में लिया। इसके उपरांत उन्होंने हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) के माध्यम से संबंधित केबिन के यात्रियों का विवरण जांचा, जिससे ज्ञात हुआ कि संबंधित यात्री नागपुर स्टेशन पर ही उतर चुके थे।
श्री राज कुमार ने तत्परता दिखाते हुए एचएचटी में उपलब्ध संपर्क विवरण के आधार पर यात्री से संपर्क स्थापित किया। बातचीत के दौरान यात्री के पति ने पुष्टि की उनकी पत्नी की सोने की बाली वास्तव में खो गई थी। यात्री के अनुरोध पर राज कुमार ने बाली का फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से साझा किया, जिसे देखकर यात्री ने उसकी पहचान की पुष्टि की।
यात्री को आश्वस्त करते हुए राज कुमार ने बताया कि उनकी वापसी ड्यूटी दिनांक 31 मार्च 2026 को गाड़ी संख्या 12860 (गीतांजलि एक्सप्रेस) से नागपुर तक है तथा वे वहां आकर उक्त बाली प्राप्त कर सकते हैं। दिनांक 31 मार्च 2026 को गीतांजलि एक्सप्रेस के नागपुर आगमन के पश्चात उक्त बाली को संबंधित यात्री डॉ. सयाली (डीएमओ, मध्य रेलवे) द्वारा भेजे गए प्रतिनिधि को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया।
मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने राज कुमार के इस सराहनीय कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्य न केवल भारतीय रेल की उच्च सेवा गुणवत्ता को प्रदर्शित करते हैं, बल्कि यात्रियों के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने मंडल के अन्य कर्मचारियों को भी इसी प्रकार कर्तव्यनिष्ठा, सजगता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।
यह उल्लेखनीय कार्य भारतीय रेल की “यात्री सेवा सर्वोपरि” की भावना को चरितार्थ करता है तथा यह दर्शाता है कि रेलवे कर्मचारी न केवल अपने दायित्वों के प्रति सजग हैं, बल्कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं संतुष्टि के लिए भी पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




