महासमुंद पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक: 10 घंटे में 685 किलो गांजा और 700 नशीली टैबलेट जब्त, 13 तस्कर गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत Mahasamund Police ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर चार थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ दबिश दी। इस दौरान 5 अलग-अलग प्रकरणों में कुल 685.890 किलो गांजा और 700 नग नशीली टैबलेट जब्त की गई। पुलिस ने 13 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करोड़ों की संपत्ति भी बरामद की है।

4 करोड़ 61 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत करीब 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं तस्करी में उपयोग किए गए एक ट्रक, पिकअप, कार और बाइक सहित अन्य सामग्री मिलाकर कुल जब्ती 4 करोड़ 61 लाख 67 हजार 506 रुपए तक पहुंच गई है। गिरफ्तार आरोपियों में 6 छत्तीसगढ़ और 7 अन्य राज्यों के निवासी हैं।
तस्करी के हर तरीके पर पुलिस की नजर
कार्रवाई के दौरान सामने आया कि तस्कर गांजा सप्लाई के लिए अलग-अलग तरीके अपना रहे थे। कहीं पैकर्स एंड मूवर्स के नाम पर पिकअप में घरेलू सामान के बीच गांजा छिपाया गया, तो कहीं ड्रायफ्रूट से भरे ट्रक, कार, बाइक और ट्रेन के जरिए तस्करी की जा रही थी। लेकिन पुलिस की सघन चेकिंग और सतर्कता के आगे सभी तरीके फेल हो गए।
थाना-वार कार्रवाई का विवरण
कोमाखान थाना:
एनएच-353 पर नाकाबंदी के दौरान ट्रक से 25 किलो गांजा जब्त कर दो आरोपियों को पकड़ा गया, जो ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जा रहे थे।
इसी थाना क्षेत्र में एक डिजायर कार से 200 किलो गांजा बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
बसना थाना:
पैकर्स एंड मूवर्स के नाम पर बोलेरो पिकअप में घरेलू सामान के बीच छिपाकर 454.890 किलो गांजा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 2.38 करोड़ रुपए से अधिक का माल जब्त किया।
सिंघोड़ा थाना:
बाइक में बैग के अंदर 6 किलो गांजा रखकर परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बाइक सहित माल जब्त किया।
महासमुंद थाना:
रेलवे स्टेशन के पास 5 आरोपियों को 700 नग नशीली कैप्सूल (Spasmo Proxyvon Plus) के साथ गिरफ्तार किया गया।
नेटवर्क पर भी बड़ी चोट
इस कार्रवाई में Bilaspur Police और Raipur Police Crime Branch का भी सहयोग मिला। पुलिस ने तस्करी नेटवर्क के लॉजिस्टिक कोऑर्डिनेटर तक को गिरफ्तार कर सप्लाई चेन पर सीधा वार किया है।
तीन महीने में 40 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त
महासमुंद पुलिस ने पिछले तीन महीनों में 63 मामलों में 4054.350 किलो गांजा जब्त कर 165 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें 48 आरोपी छत्तीसगढ़ और 117 अन्य राज्यों के शामिल हैं।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत पुलिस की यह कार्रवाई तस्करों के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




