ईरान का बड़ा दावा: सऊदी में अमेरिकी एयरबेस पर हमला, AWACS विमान तबाह

0
72-10

ईरान । पश्चिम एशिया से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। पिछले एक महीने से जारी तनावपूर्ण हालात के बीच ईरान ने सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी एयरबेस पर हमले का दावा किया है। ईरानी मीडिया के अनुसार, इस हमले में अमेरिकी सेना को भारी नुकसान पहुंचा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कार्रवाई में ईरान ने 6 बैलिस्टिक मिसाइलों और 29 अत्याधुनिक ड्रोन का इस्तेमाल किया। ईरान का दावा है कि हमले में अमेरिका का अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल विमान E-3 AWACS पूरी तरह तबाह हो गया है। यह विमान हवाई निगरानी और युद्ध संचालन के लिए बेहद अहम माना जाता है।

ईरानी पक्ष ने हमले के बाद कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनमें कथित तौर पर विमान के मलबे को दिखाया गया है। तस्वीरों में विमान का मध्य हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है। इसके अलावा, एयरबेस पर मौजूद रिफ्यूलिंग (ईंधन भरने वाले) विमानों को भी गंभीर नुकसान पहुंचने का दावा किया गया है।

ईरान का यह भी कहना है कि इस हमले में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

फिलहाल, इस घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इन दावों की पुष्टि होती है, तो यह क्षेत्रीय संघर्ष को और गंभीर मोड़ दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!