रेप पीड़िता को धमकी देने वाले दो आरोपियों पर मामला दर्ज, गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज
रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस ने दुष्कर्म पीड़िता को केस वापस लेने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। महिला थाना में आरोपी बादल सिंह राजपूत और अनमोल अग्रवाल के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपियों द्वारा उसे लगातार केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना में अपराध क्रमांक 24/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
बताया गया कि पीड़िता ने इससे पहले 3 फरवरी 2026 को भी बादल सिंह राजपूत के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसमें आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वर्तमान में वह जमानत पर बाहर है।
पीड़िता के अनुसार, 18 मार्च को कोर्ट परिसर में अनमोल अग्रवाल ने उसे केस वापस लेने के लिए पैसे का लालच दिया और इंकार करने पर जान से मारने की धमकी दी। वहीं, 19 मार्च को मंदिर परिसर में बादल सिंह राजपूत ने भी उसे खुलेआम धमकाया और कहा कि जमानत पर बाहर आने के बाद वह उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी बादल सिंह राजपूत पहले से ही कोतवाली थाना क्षेत्र की गुंडा-बदमाश सूची में शामिल है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अब उसकी जमानत निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर रही है।
इस संबंध में शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसी भी केस में पीड़ित या गवाहों को धमकाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल, महिला थाना पुलिस और अन्य टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




