ईस्ट–वेस्ट रेल कॉरिडोर के अंतर्गत पेंड्रा रोड स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का सफल कमीशनिंग ।
बिलासपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल अवसंरचना सुदृढ़ीकरण एवं कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया है। यह उपलब्धि ईस्ट–वेस्ट रेल कॉरिडोर के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी। यह कार्य दिनांक 22 मार्च 2026 (रविवार) को सुव्यवस्थित एवं सुनियोजित नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) ब्लॉक के दौरान सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। उल्लेखनीय है कि सामान्यतः किसी भी इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान रेल परिचालन प्रभावित होता है, किन्तु इस कार्य को बेहतर प्रबंधन एवं प्लानिंग के तहत मात्र लगभग 5:30 घंटे में पूर्ण कर लिया गया, जिससे रेल परिचालन को न्यूनतम प्रभावित करते हुए सुचारु बनाए रखा गया। नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली के अंतर्गत 40 प्वाइंट्स एवं 226 रूट्स का प्रावधान किया गया है, जिससे स्टेशन की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सिग्नलिंग व्यवस्था में 22 मुख्य सिग्नल, 17 कॉलिंग-ऑन सिग्नल तथा 75 डमी प्वाइंट्स शामिल किए गए हैं। आधुनिकीकरण के तहत, स्टेशन पर 06 लाइनों में 66 डीसी ट्रैक सर्किट के साथ-साथ कुल 54 एमएसडीएसी (मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर) ट्रैक सेक्शन स्थापित किए गए हैं। यह उन्नत व्यवस्था ट्रेन की सटीक पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ सिग्नलिंग प्रणाली में अतिरिक्त विश्वसनीयता एवं बैकअप प्रदान करेगी। इस परियोजना में अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग किया गया है, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (सिमेन्स), डेटा लॉगर, फायर अलार्म सिस्टम, एमएसडीएसी (मल्टी सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर), फ्यूज चेंजओवर एवं अलार्म सिस्टम तथा आईपीएस (इंटीग्रेटेड पावर सप्लाई) जैसी उन्नत प्रणालियाँ शामिल हैं। उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली में आधुनिक रूट सेटिंग सुविधा, बेहतर पॉइंट ऑपरेशन मैकेनिज्म तथा अत्याधुनिक संरक्षा विशेषताएँ शामिल हैं, जो न केवल ट्रेनों के सुगम संचालन को सुनिश्चित करेंगी, बल्कि यातायात वहन क्षमता में भी वृद्धि करेंगी। यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों और उत्कृष्ट समन्वय से निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उनकी बेहतर योजना एवं सतत निगरानी इस उपलब्धि की आधारशिला रही। पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का यह सफल कमीशनिंग ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर के अंतर्गत रेल संपर्क को मजबूत करने तथा परिचालन संरक्षा एवं दक्षता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




