छत्तीसगढ़ के मीडिया दल ने इंदौर में भारत के सबसे बड़े बायो-सीएनजी प्लांट ‘गोवर्धन’ का अवलोकन किया

0
IMG-20260323-WA0683

पत्रकारों ने’ वेस्ट-टू-वेल्थ मॉडल को समझा; 14 सदस्यीय दल ने देश के सबसे बड़े म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट आधारित संयंत्र की कार्यप्रणाली जानी

रायपुर/इंदौर । पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित मीडिया प्रवास के तहत छत्तीसगढ़ के 14 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधियों के दल ने आज इंदौर स्थित ‘गोवर्धन’ बायो-सीएनजी प्लांट का दौरा किया । इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को भारत के सबसे बड़े और आधुनिक बायो-मेथेनेशन संयंत्र के प्रत्यक्ष अनुभव से अवगत कराना था, जो स्वच्छ भारत मिशन के तहत ‘वेस्ट-टू-वेल्थ’ की अवधारणा का एक वैश्विक उदाहरण है।

सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर आधारित यह संयंत्र 15 एकड़ भूमि पर फैला हुआ है और इसे ₹156 करोड़ के निवेश के साथ विकसित किया गया है। यह सुविधा प्रतिदिन 500 टन गीले कचरे को संसाधित करने के लिए डिज़ाइन की गई है, जो शहरी अपशिष्ट प्रबंधन के लिए एक स्थायी समाधान पेश करती है। तकनीकी जानकारी के अनुसार, यह संयंत्र प्रतिदिन लगभग 17,000 किलोग्राम बायो-सीएनजी और 100 टन उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद का उत्पादन करता है। इसके साथ ही, संयंत्र से प्रतिदिन 20 टन गैस के उत्पादन का अनुमान है, जिससे ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में भारी कमी आती है। वर्तमान में इंदौर में सिटी बसें इसी संयंत्र द्वारा उत्पादित बायो-सीएनजी से चलाई जा रही हैं, जो एक हरित और किफायती ईंधन विकल्प है। इसके अतिरिक्त, यह सुविधा विभिन्न उद्योगों को ‘ग्रीन फ्यूल’ की आपूर्ति भी करती है, जिससे चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है।

मीडिया भ्रमण के दौरान, मीडिया दल ने कचरे को ऊर्जा में बदलने वाली परिष्कृत मशीनरी का अवलोकन किया, जिसमें रिसेप्शन बंकर, प्री-ट्रीटमेंट यूनिट और हैमर मिल जैसी आधुनिक प्रणालियाँ शामिल हैं। मीडिया दल के पत्रकारों ने संयंत्र के अधिकारियों से चर्चा कर यह समझा कि इस सफल मॉडल को देश के अन्य राज्यों में कैसे लागू किया जा सकता है । यह भ्रमण केंद्र सरकार के उन प्रयासों और दूरदर्शिता को रेखांकित करता है जिसका लक्ष्य आधुनिक तकनीक और रणनीतिक भागीदारी के माध्यम से भारतीय शहरों को “कचरा मुक्त” बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!