मुंगेली के चकरभाठा में नए महाविद्यालय की स्थापना को लेकर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का बड़ा हस्तक्षेप

0
image_search_1771480875810

मुंगेली । छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के ग्राम चकरभाठा में नवीन महाविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस संबंध में छत्तीसगढ़ शासन को औपचारिक पत्र लिखा है।

केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जनपद सदस्य श्रीमती मंदाकिनी दुपेश साहू द्वारा अवगत कराया गया है कि ग्राम चकरभाठा के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए मुंगेली अथवा अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में जाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों को अनावश्यक आर्थिक बोझ के साथ-साथ मानसिक कठिनाइयों का भी सामना करना पड़ता है।

इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए ग्राम चकरभाठा में नवीन महाविद्यालय की स्थापना की मांग की गई है। केंद्रीय मंत्री ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है।

तोखन साहू ने यह पत्र छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा को संबोधित किया है, जिसमें उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर ग्राम चकरभाठा में महाविद्यालय स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ करने का आग्रह किया है।

इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीण विद्यार्थियों में आशा की नई किरण जगी है। यदि यह मांग स्वीकृत होती है, तो इससे न केवल शिक्षा का विस्तार होगा बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपने गांव में ही उच्च शिक्षा का अवसर मिल सकेगा।

•  यह मामला वर्तमान में छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्रालय के विचाराधीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!