यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
नशे में वाहन चलाने वाले 450 से अधिक, बिना हेलमेट 1300 चालकों पर कार्रवाई
बिलासपुर। यातायात नियमों की लगातार हो रही अनदेखी और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा जनवरी माह से अब तक व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 450 से अधिक चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1300 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की गई है।

यातायात पुलिस के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में यह तथ्य सामने आया है कि सर्वाधिक दुर्घटनाएं शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस समयावधि में विशेष और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। तेज रफ्तार, लापरवाहीपूर्वक वाहन चालन, शराब या नशे की हालत में ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण पाए गए हैं।
पुलिस द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले सभी मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए, जहां आरोपियों पर भारी जुर्माना लगाया गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों से समन शुल्क वसूल कर प्रशमन की कार्रवाई की गई। इसके अलावा आईटीएमएस (ITMS) के माध्यम से 7500 से अधिक यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में ऑनलाइन चालान काटे गए हैं।
यातायात पुलिस ने बताया कि गलत दिशा में वाहन चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग, गलत नंबर प्लेट, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना जैसे मामलों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाना है।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, शराब या नशे की हालत में वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था की कुंजी है।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




