बेहतर समन्वय और व्यापक जनभागीदारी से सेवा संकल्प अभियान को बनाएं सफल – वित्तमंत्री ओपी चौधरी
जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के समन्वय से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के दिए निर्देश
जिला स्तर पर माइक्रो प्लान कर समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की वित्तमंत्री ने की समीक्षा

वर्चुअल बैठक में वित्तमंत्री ने कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रायपुर । प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को देशव्यापी सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश के कलेक्टरों एवं संबंधित जिला नोडल अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में उन्होंने आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वित्तमंत्री श्री चौधरी ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अभियान की तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय एवं व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। अभियान की प्रत्येक गतिविधि में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे जनसेवा और नागरिक सहभागिता का व्यापक अभियान बनाया जाए। बैठक में कलेक्टर ने जिले में राज्य शासन के निर्देशानुसार की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को दायित्व सौंप दिए गए हैं। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन के लिए माइक्रो प्लान भी तैयार कर लिया गया है। ग्राम एवं वार्ड स्तर से लेकर विकासखंड और जिला स्तर तक आयोजित होने वाली गतिविधियों के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं, ताकि सभी कार्यक्रम समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
वित्तमंत्री श्री ओपी चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों को व्यापक रूप से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने अभियान के उद्देश्य एवं विभिन्न गतिविधियों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत @2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए प्रत्येक गतिविधि की पूर्व तैयारी करते हुए स्थानीय स्तर पर अधिकतम नागरिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने बैठक के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के लिए तैयार माइक्रो प्लान के अनुरूप सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदारियां और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित की जाएं, ताकि जिले में सेवा संकल्प अभियान का प्रभावी एवं सफल आयोजन किया जा सके।
बैठक में अभियान के सफल संचालन, विभागीय समन्वय तथा विभिन्न स्तरों पर की जाने वाली तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रशासन द्वारा 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
वर्चुअल बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी सहित शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जनसंपर्क विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
