युवाओं को कौशल के अनुरूप रोजगार से जोड़ना प्राथमिकता : डॉ. बसवराजु

0
IMG-20260824-WA1185

सचिव ने आईटीआई, सीजीआईटी, कौशल विकास और रोजगार विभाग की गतिविधियों की समीक्षा की; नियमित रोजगार मेले लगाने के निर्देश

कवर्धा। रिपोर्टर 🖋️ कमलेश सिंह, ब्यूरो कवर्धा। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने सोमवार को जिले में संचालित आईटीआई, सीजीआईटी, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर शैक्षणिक संस्थाओं के लिए भूमि चिन्हांकन, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और रोजगार की उपलब्धता सहित विभिन्न विषयों की जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर तुलिका प्रजापति और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने शैक्षणिक संस्थाओं के लिए आवश्यक भवन निर्माण को लेकर उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन करने और आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थानों के विकास के लिए पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थान उपलब्ध होना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें।

पिपरिया आईटीआई के लिए बेहतर स्थल तलाशने के निर्देश

सचिव ने पिपरिया में आईटीआई के लिए चिन्हांकित स्थल की समीक्षा की। उन्होंने स्थल की स्थिति की जानकारी लेते हुए संस्थान के लिए बेहतर और उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि का चयन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए, ताकि संस्थान के विस्तार में किसी तरह की परेशानी न हो।

NTPC World Environment Day

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना पर जोर

बैठक के दौरान सचिव ने आईटीआई में संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप के माध्यम से युवाओं को व्यावहारिक अनुभव मिलने के साथ उद्योगों की कार्यप्रणाली समझने और भविष्य में रोजगार हासिल करने में मदद मिलेगी।

सीजीआईटी की प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा

सचिव ने सीजीआईटी में चल रही प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी ली और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

नियमित रोजगार मेले आयोजित करने के निर्देश

रोजगार विभाग की गतिविधियों की समीक्षा के दौरान सचिव ने जिले में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन करने और निजी क्षेत्र सहित अन्य रोजगारदाताओं से समन्वय कर अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देने पर जोर

सचिव ने जिले में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने युवाओं को दिए जा रहे प्रशिक्षण और प्रशिक्षण के बाद उन्हें रोजगार से जोड़ने की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि वर्तमान रोजगार बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए युवाओं को मांग आधारित कौशल प्रशिक्षण दिया जाए। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाएं।

सचिव ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने और युवाओं तक कौशल विकास एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर 🖋️ कमलेश सिंह
ब्यूरो कवर्धा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!