जरहागांव नगर पंचायत में बदहाल हालात, पानी और सफाई व्यवस्था चरमराई
टैंकर तक नहीं, बस स्टैंड पर गंदगी का अंबार; शिकायतों के बावजूद नहीं सुधरी स्थिति
जरहागांव । नगर पंचायत जरहागांव में बुनियादी नगरीय सुविधाओं का अभाव अब गंभीर समस्या का रूप ले चुका है। नगर के कई वार्डों में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही पानी की समस्या और विकराल हो गई है, लेकिन प्रशासन की ओर से टैंकर जैसी वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
नगर में साफ-सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। वार्डों में नियमित कचरा संग्रहण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे न केवल वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
बस स्टैंड क्षेत्र की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां स्थित सुलभ शौचालय अव्यवस्थित हालत में है, जबकि यात्री प्रतीक्षालय जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है। यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड के समीप नालियों में कचरे का जमाव होने से दुर्गंध फैल रही है और आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। स्थिति यह है कि नगर पंचायत कार्यालय की कार्यप्रणाली से नाराज जनप्रतिनिधियों ने पूर्व में विरोध स्वरूप कार्यालय के गेट पर ताला तक जड़ दिया था, लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था में कोई ठोस सुधार देखने को नहीं मिला।
नगर पंचायत जरहागांव में मूलभूत सुविधाओं की कमी अब प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही पानी और सफाई की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


