कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण का प्रतीक : मंत्री राजेश अग्रवाल
रामगढ़ से कैलाश गुफा जा रहे कांवड़ यात्रियों का मंत्री ने किया आत्मीय स्वागत, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की दी शुभकामनाएं
रायपुर । पावन श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ की भक्ति में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। इसी क्रम में रामगढ़ से कैलाश गुफा की ओर कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं का छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने आत्मीय स्वागत और सत्कार किया। मंत्री ने कांवड़ यात्रियों से मुलाकात कर उनकी यात्रा की जानकारी ली और सभी श्रद्धालुओं को सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि श्रावण मास में निकाली जाने वाली कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति, तपस्या और समर्पण का प्रतीक है। भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास इस यात्रा में स्पष्ट दिखाई देता है। लंबी दूरी और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कांवड़ यात्री पूरे उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ अपनी यात्रा पूरी करते हैं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं की आध्यात्मिक ऊर्जा और भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था को दर्शाती है। मंत्री ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत करते हुए भगवान शिव से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद, सुरक्षित एवं सफल होने की कामना की।

‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा यात्रा मार्ग
रामगढ़ से कैलाश गुफा की ओर बढ़ रहे कांवड़ यात्रियों में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ कांवड़ लेकर यात्रा कर रहे हैं। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत, सेवा और सत्कार की व्यवस्था की जा रही है। इससे पूरे मार्ग पर भक्ति और सेवा का वातावरण बना हुआ है।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि धार्मिक यात्राएं समाज में भाईचारे, सेवा, सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करती हैं। कांवड़ यात्रियों की सेवा करना और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी भगवान शिव की भक्ति का ही एक रूप है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में श्रद्धा, सेवा और सामुदायिक सहभागिता का विशेष महत्व रहा है।
अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की अपील
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के साथ ही यात्रा मार्ग पर स्वच्छता बनाए रखने और अन्य यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि श्रद्धा और भक्ति के साथ सुरक्षित यात्रा भी जरूरी है। सभी श्रद्धालु एक-दूसरे का सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से अपनी यात्रा पूरी करें।
इस दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से यात्रा मार्ग गूंज उठा। कांवड़ यात्रियों ने आत्मीय स्वागत एवं शुभकामनाओं के लिए मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

The News Related To The News Engaged In The www.forestgreen-fox-479008.hostingersite.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
